गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अवैध गांजे के साथ पुलिस ने दबोचे दो तस्कर

महोबा : उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के श्रीनगर क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई में मादक पदार्थो के अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को साढ़े चार कुंतल अवैध गांजा के साथ दबोच लिया है। बरामद गांजा का मूल्य 02 करोड़ 18 लाख रुपये आंका जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक सत्यम ने यहां बताया कि टास्क फोर्स ने गांजा तस्करों के वाहन को एक सूचना के आधार पर श्रीनगर के बिलखी तिगैला में कड़ी घेराबंदी कर शुक्रवार देर रात दबोचा। तस्कर उक्त गांजा को छत्तीसगढ़ राज्य से मध्य प्रदेश के रास्ते तस्करी करके ला रहे थे। बताया गया है कि इसे कानपुर ले जाया जा रहा था। तस्करों द्वारा गांजा को यूरिया की बोरियों में छिपाकर रखा था। बोरियों को फाड़कर चेक किये जाने पर गांजा की बरामदगी हुई। फिलहाल टास्क फोर्स दोनों तस्करों को बरामद गांजा के साथ अपने झांसी मुख्यालय ले गई है। जहां सम्पूर्ण प्रकरण की समग्र तहकीकात की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महोबा जिले में तीन माह के भीतर गांजा की बड़ी खेप पकड़े जाने की यह तीसरी घटना है। पुलिस ने इसके पहले भी श्रीनगर क्षेत्र में दो छापामार कार्यवाहियों में भारी मात्रा में गांजा पकड़ा था। मध्य प्रदेश की सीमा से जुड़ा होने के कारण यह इलाका मादक पदार्थो के तस्करों की गतिविधियों का केंद्र है। हाल के दिनों में तस्करों की बढ़ी गतिविधियों के चलते पुलिस भी यहां खासी सक्रियता बरत रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *