फगवाड़ा : पंजाब में फगवाड़ा के कोट गरेवाल गांव के निकट कल देर रात पुलिस और अज्ञात लुटेरों के बीच मुठभेड़ में एक कांस्टेबल गोली लगने से शहीद हो गया। पुलिस ने बताया कि फगवाड़ा शहर थाना प्रभारी अमनदीप नाहर लुटेरों का पीछा कर रहे थे। लुटेरे दोसांज रोड पर अवतार सिंह से क्रेटा कार छीनने के बाद भाग रहे थे। नाहर को अवतार सिंह ने कार छीने जाने की घटना के बारे में सूचित किया और बताया था कि कार का जीपीएस ट्रैैकर सिस्टम एक्टिव था और कार की लोकेशन गांव के निकट बता रहा था। नाहर पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और लुटेरों ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की लेकिन इस दौरान कांस्टेबल कुलदीप को गोली लगी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन खून अधिक बह जाने के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
