मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ न्यायालय में पेशी पर आए दुष्कर्म के एक आरोपी युवक का हथियारों की नोंक पर पीडित युवती के परिजन अपहरण कर ले गए, जिसे नौ घण्टे की मशक्कत के बाद पुलिस ने अपहरणकर्ताओ के चंगुल से आज सकुशल मुक्त करा लिया।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि कल शाम न्यायालय परिसर सबलगढ़ में गिर्राज जाटव निवासी जसलावनी एक साल पुराने अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पेशी पर आया था। पेशी के बाद आरोपी युवक अपने परिजनों के साथ न्यायालय से घर वापस जा रहा था, तभी न्यायालय परिसर के बाहर खड़े एक दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश गिर्राज को अपहृत कर जीप में डालकर ले गए। युवक के परिजनों ने पुलिस से उसकी हत्या की आशंका जताई थी।
मामले में परिजनों की शिकायत पर तीन थाना सबलगढ़ ,रामपुर और टेंटरा पुलिस की टीमों ने सबलगढ़ की काजौना घाटी क्षेत्र में आरोपियों के गाड़ी की घेराबंदी कर अपहृत को उनके चंगुल से सकुशल मुक्त करा लिया, जबकि आरोपी पुलिस को चकमा देकर चंबल के बीहड़ों में फरार हो गए। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल एक जीप को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने अपहृत को बदमाशों से मुक्त कराया
