गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गणतंत्र दिवस समारोह से पुलिस ने बढ़ाई चौकसी

जालंधर : पंजाब के जालंधर में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा के नेतृत्व में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस रैपिड एक्शन फोर्स के साथ शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालेगी। श्री शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि आगामी समारोह के मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से शहर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर कड़ी निगरानी रखने के लिए पुलिस अधिकारी/कर्मचारी तैनात किये गये हैं। किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए शहर में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
उन्होंने कहा कि शहर में 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है और पुलिस अधिकारियों की विभिन्न गश्ती टीम तैनात की गई हैं। वहीं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी नजर रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को रात में शहर की नाकेबंदी करने के निर्देश दिये गये हैं।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स संयुक्त रूप से इस संबंध में एक रणनीति तैयार करेगी, जिसके लिए आज एक प्रारंभिक बैठक की गई जिसमें डिप्टी कमांडेंट श्री सोनेलाल साहू, डीसीपी कानून-व्यवस्था श्री अंकुर गुप्ता व अन्य अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस से पहले ऐसी और बैठकें की जाएंगी ताकि संवेदनशील स्थानों की पहचान की जा सके और इन इलाकों में सतर्कता बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना कमिश्नरेट पुलिस की प्राथमिकता है और इस कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *