अगरतला : उत्तरी त्रिपुरा के कंचनपुर थाना में तैनात पुलिस अधिकारी को उसके तीन साथियों के साथ नतुन बस्ती इलाके में सुपारी से लदे ट्रक को लूटने की हालिया घटना में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक स्थानीय अदालत ने आज गिरफ्तार पुलिस अधिकारी को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक (उत्तरी त्रिपुरा) भानुपद चक्रवर्ती के मुताबिक पिछले सप्ताह कंचनपुर आने वाला एक ट्रक जम्पुई हिल्स से आ रहा था, तभी पुलिस की वर्दी पहने कुछ बदमाशों ने ट्रक को रोका और सुपारी से भरी 36 बोरियां लूट लीं। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया, क्योंकि घटनास्थल पुलिस चौकी से महज कुछ गज की दूरी पर था। घटना के तुरंत बाद स्थानीय थाना में एक आधिकारिक शिकायत दर्ज की गई, जिसमें अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती ने कहा, “प्रारंभिक जांच में, यह पाया गया कि उपनिरीक्षक पूर्ण मोग को इस वारदात में संलिप्त थे। मोग सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उपनिरीक्षक की गिरफ्तारी से पहले उसे सेवा से निलंबित कर दिया गया था।”
लूटपाट के आरोप में पुलिस अधिकारी गिरफ्तार
