सोनभद्र। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में गिरिया गांव मे पटाखे की अवैध फैक्ट्री का पुलिस ने खुलासा किया है। इसको संचालित करने वाले दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में पटाखा और निर्माण सामग्री बरामद की गई है।पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने के साथ अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की तरफ से लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत रामपुर बररकोनिया पुलिस की टीम को मुखबिर द्वारा सोमवार को सूचना मिली कि गिरिया ग्राम पंचायत अंतर्गत टोला मंठहवा स्थित एक कच्चे खपरैल के मकान में अवैध तरीके से पटाखा फैक्ट्री संचालित किए जा रहा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छापेमारी की तो वहां हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद मिले दो व्यक्तियों जाबिद अली उर्फ मोनू और खुर्शीद अली पुत्र स्व. मु. लतीफ निवासी गिरिया टोला मंठहवा, थाना रामपुर बरकोनिया को गिरफ्तार करने के साथ ही निर्माण कार्य में प्रयुक्त की जा रही सामग्री और निर्मित पटाखे को कब्जे में लिया गया। मामले में धारा 5/9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1984 के तहत मामला दर्ज करते हुए पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
