बलरामपुर : नेपाल सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के देवीपाटन मंडल की 243 किमी लंबी खुली सीमा पर पुलिस मानव तस्करी,अपराध और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों की प्रभावी रोकथाम के लिये ‘कवच’ अभियान चला रही है। अपर पुलिस अधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि पड़ाेसी देश से सटे जिलों में बहराइच में 98.5 किमी,श्रावस्ती में 51 किमी और बलरामपुर जिले में 93.5 किमी की खुली सीमायें शामिल है।
बढ़नी और रुपईडीहा बार्डर की परिधि से 10 किमी भीतर बलरामपुर के सीमावर्ती गैसडी,पचपेड़वा,जरवा,तुलसीपुर और हरैया समेत पांच थाना क्षेत्रों में पुलिस 42 गांवों की भौगोलिक अवस्थित प्राथमिक सूचनाओं का संकलन, जनसांख्यिकी, प्रवासन, मानव तस्करी, सुरक्षा संबंधी चुनौतियां के प्रति वहां निवास कर रहे व्यक्तियों को जागरूक करने एवं जन सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य सर्वे में जुटी है।
एएसपी ने बताया कि टीम चयनित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्राम प्रधान ,चौकीदार तथा गांव के सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ पंचायत भवन में बैठक कर गांव की मूलभूत सूचनाओं को प्राप्त कर संकलित करने के साथ ग्राम प्रधान व चौकीदार के साथ संपूर्ण गांव का भ्रमण तथा धार्मिक स्थलों का भौतिक सत्यापन कर समस्त छोटे बड़े मार्गो का भ्रमण कर रही है।
नेपाल से सटे दुर्गम जंगल,सड़क मार्ग और बार्डर तक संचालित रेलमार्ग समेत पगडंडियों की जानकारी की गई है और चौपाल का आयोजन कर क्षेत्र की समस्याओ पर चर्चा, शासन द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न जन कल्याण कारी योजनाओ के बारे में जानकारी आदि के बैठक की जा रही है। इस दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं प्रशासन के नंबरों के के बारे मे भी नागरिकों को जानकारी देकर जागरुक भी किया जा रहा है।
