कोटा : राजस्थान की कोचिंग सिटी कहे जाने वाली कोटा शहर में पुलिस ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक कोचिंग छात्र को आत्महत्या करने से रोक लिया। पुलिस अधीक्षक (शहर) शरद चौधरी ने बताया कि कोटा पुलिस की चेतक टीम के प्रभारी साबिर हुसैन को रविवार को यह सूचना मिली थी कि रंगबाड़ी विस्तार योजना में रहने वाला एक कोचिंग छात्र अभिषेक कुमार आत्महत्या की कोशिश कर रहा है। उन्हें उस कोचिंग छात्र का मोबाइल नंबर भी दिया गया।
चौधरी ने बताया कि यह सूचना मिलने के बाद चेतक टीम ने महावीर नगर थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई शुरू की और साइबर सेल की मदद से कोचिंग छात्र अभिषेक कुमार अभिषेक कुमार की लोकेशन की स्थिति का पता लगाया और तत्काल उस छात्र से मोबाइल पर संपर्क कर उसे मानसिक रूप से इस बात के लिए तैयार किया कि वह कोई भी गलत कदम नहीं उठाये।
पुलिस ने उस छात्र की लोकेशन का भी पता लगा लिया और उस तक पहुंचकर छात्र को अपने विश्वास में लेकर आत्महत्या करने से रोक लिया। चौधरी ने इस तत्परता से कार्रवाई करने वाले पुलिस दल में शामिल सदस्यों की हौसला अफजाई करने के लिए सोमवार को पुलिस उप निरीक्षक हरवीर सिंह, साइबर सेल के सहायक उपनिरीक्षक प्रताप सिंह को 11-11 सौ रुपए और चेतक टीम के साबिर हुसैन,विक्रम और राजेश को पांच -पांच सौ रुपए के नकद पुरस्कार पुरस्कार से सम्मानित किया।
पुलिस ने छात्र को आत्महत्या करने से बचाया
