अगरतला : त्रिपुरा में 16 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य में चुनाव से पूर्व पुलिस ने 5.89 करोड़ रुपये के प्रतिबंधित मादक पदार्थ और छोटे हथियारों को जब्त किए हैं।
सुरक्षाबलों ने अलग-अलग ठिकानों से दो देसी बंदूक, एक 7.65 एमएम पिस्टल, 46 गोला बारूद बरामद किया। पुलिस ने बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि उसने 17 लाख की भारतीय मुद्रा और 14,257 बंगलादेशी मुद्रा भी बरामद किया है।
इसके अलावा पुलिस ने 11,161 किलोग्राम भांग, 138 ग्राम हेरोइन, 12,945 याबा टैबलेट, 9,600 खांसी के दवाईयों की शीशी, भारत में निर्मित विदेशी शराब की 3,850 बोतलें, 25,050 लीटर देशी शराब सहित 5.89 करोड़ रुपये के प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किया है।
विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम लगातार किए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में अतिरिक्त 100 कंपनियों के साथ-साथ एक माह पहले राज्य के आंतरिक क्षेत्रों की व्यापक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीएपीएफ की 100 कंपनियों को तैनात किया गया है।
बयान में कहा गया कि एक दो दिनों बाद राज्य में सीएपीएफ की अन्य 200 कंपनियों के आने की संभावना है, जिन्हें क्षेत्र में गश्त, फ्लैग मार्च, वाहन गश्त, नाका ड्यूटी, उपद्रवी विरोधी अभियान के अलावा छापेमारी में लगाया जाएगा।
गत 18 जनवरी को विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद पूरे राज्य में कुल 192 नाका पाइंट बनाए गए हैं। राज्य में पिछले दस दिनों से विशेष वाहन जांच के साथ-साथ सभी नाका चौकियों पर नियमित रूप से जांच की जा रही है और अब तक 11000 से अधिक वाहनों की जांच की जा चुकी है।
मतदाताओं में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए अब तक राज्य पुलिस, टीएसआर और सीएपीएफ की संयुक्त भागीदारी में 1,700 से ज्यादा फ्लैग मार्च और विभिन्न क्षेत्रों में गश्त किया गया है।
पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ, हथियार जब्त किये
