खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की पुलिस ने आज गोगांवा थाना क्षेत्र के सिगनूर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जमीन में गड़े हथियार और उन्हें बनाने के उपकरण तथा अन्य सामान जप्त कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव और मीडिया के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। हाल ही में अवैध हथियार निर्माण और इनकी तस्करी से संबंधित अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना ग्वालियर निवासी चंद्रभान उर्फ योगी समेत आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से सात पिस्तौल और पुणे स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में निर्मित 65 कारतूस जप्त किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस गिरोह को हथियार उपलब्ध कराने वाले गोगावां थाना क्षेत्र के सिगनूर निवासी बंटी सिकलीगर को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की गयी। इस पर उसने उसके घर के आसपास हथियारों के गाड़े जाने की बात स्वीकारी। आज पुलिस दल ने संबंधित स्थान से ”मेटल डिटेक्टर” की मदद से 10 पिस्तौल और भारी मात्रा में हथियार निर्माण की सामग्री व उपकरण जब्त किए। बंटी सिकलीगर के विरुद्ध पूर्व से तीन अपराध दर्ज है। पुलिस अधीक्षक यादव ने मौके पर मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों से पूछताछ के आधार पर उनकी अन्य स्थानों पर संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बंटी सिकलीगर के परिवार के अन्य सदस्य भी अवैध हथियार निर्माण व तस्करी में शामिल हैं। उनकी भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने हथियार और उपकरण जप्त किए
