श्रीनगर : पुलिस ने चालू वर्ष के दौरान जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में स्वापक औषधियों और मन:प्रभावी पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम (पीआईटी एनडीपीएस) अधिनियम और सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत अवैध तस्करी की रोकने के लिए 54 वांछित एवं कुख्यात ड्रग तस्करों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा है।
पुलिस ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि बारामूला पुलिस ने चालू वर्ष के दौरान केन्द्रशासित प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ और समाज से नशीले पदार्थों के खतरे को खत्म करने के लिए जारी एक अभियान में सक्षम अधिकारियों से औपचारिक आदेश प्राप्त करने के बाद जिले में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम और पीएसए के तहत 54 ड्रग तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और विभिन्न जेलों में बंद कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक ड्रग तस्कर जिले के उरी, पट्टन, बारामूला, क्रीरी और तंगमर्ग उप प्रभागों में सक्रिय थे। पुलिस ने बताया कि इन ड्रग तस्करों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और वे जिले के स्थानीय युवाओं को ड्रग्स की आपूर्ति करके नशीले पदार्थों के व्यापार को बढ़ावा देने में शामिल थे। कई प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज होने के बावजूद उन्होंने अपनी गतिविधियों में सुधार नहीं किया।
नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई से जमीनी स्तर पर बदलाव आया है और बारामूला जिले में नशीले पदार्थों के दुरुपयोग में काफी गिरावट देखी गई है। पुलिस ने कहा कि नागरिकों ने पुलिस के प्रयासों की सराहना की है और पुलिस के काम के प्रति अपनी संतुष्टि व्यक्त की है। पुलिस ने आम लोगों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्रों में नशीले पदार्थों के तस्करों की जानकारी दें। तस्करों के बारे में जानकारी देने वालों की जानकारी गुप्त रखी जाएगी।
पुलिस ने 54 वांछित नशा तस्करों को भेजा जेल
