दमोह : मध्यप्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय पर रात्रि में तीन युवकों ने ड्यूटी के दौरान राज्य पुलिस बल विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के एक जवान की सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली थाना अंतर्गत कसाई मंडी में स्थित पुलिस चौकी में तैनात 10वीं बटालियन एसएएफ के जवान सुरेंद्र सिंह (28) ड्यूटी के दौरान चौकी में शुक्रवार की देर रात्रि खाना खा रहा था। तभी बाहर से किसी के चिल्लाने की आवाज आई। उसने बाहर आकर देखा तो ऑटो में सवार कुछ शराबी झगड़ रहे थे। जवान ने उन्हें ऐसा करने से राेका। इस बात पर तीन युवकों ने आरक्षक सुरेंद्र के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। तत्काल ही अंदर मौजूद अन्य आरक्षकों ने बाहर आकर जवान को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीन युवकों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
