अंबाला : हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो ने एक सहायक उप निरीक्षक और एक बिचौलिये को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। विजिलेंस पुलिस थाना प्रभारी विमला देवी ने आज बताया कि आपसी झगड़े के एक मामले में परिवार के सदस्यों के नाम हटाने के लिए शिकायतकर्ता से बिचौलिये राजेश ने एएसआई चांदी राम के नाम पर तीस हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो से संपर्क किया जिसके बाद ब्यूरो ने जाल बिछाकर बिचौलिये राजेश को रिश्वत की रकम लेते गुरुवार को गिरफ्तार किया। फिर उसके बयान के आधार पर चांदी राम को भी गिरफ्तार किया गया।
