प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश के प्रताप गढ़ जिला प्रशासन ने मौसम विभाग के जारी पूर्वानुमानों के मद्देनजर 14 से 16 सितंबर के बीच भारी वर्षा, आंधी तूफान, अतिवृष्टि एवं आकाशीय विद्युत की आशंका व्यक्त करते हुए बचाव हेतु दिशा निर्देश (एडवाइजरी) आज जारी कियेे। जिले के अपर जिलाधिकारी (वित /राजस्व ) त्रिभुवन विश्वकर्मा ने आज बताया कि जनपद प्रतापगढ़ हेतु मौसम विभाग लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 14 सितम्बर से 16 सितम्बर तक भारी वर्षा, आंधी तूफान, अतिवृष्टि एवं आकाशीय विद्युत की आशंका व्यक्त की गयी है।
इसको लेकर जारी एडवाइजरी के अनुसार यदि आवश्यक न हो तो खराब मौसम की स्थिति में घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर हैं तो विद्युत के तारो के नीचे, विद्युत के खम्भों एवं ट्रान्सफार्मर के समीप न खड़े हो। अपने पशुओं को खराब मौसम अथवा वर्षा की स्थिति में खुले में न छोड़े और न ही उनको पेड़ के नीचे बांध कर रखें, पशुओं को खराब मौसम अथवा वर्षा की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर ही रखें , आकाशीय विद्युत से बचाव के लिये खेती के दौरान कृषक अपने साथ लकड़ी का छोटा पिढ़ा अथवा प्लास्टिक की बोरी साथ में अवश्य रखें और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में उस पर ही अपना जितना हो सके छोटा आकार बनाकर बैठ जाये।
आकाशीय विद्युत की स्थिति में कभी भी छायादार बड़े पेड़ के नीचे शरण न लें। आकाशीय विद्युत की स्थिति में वाहन से यात्रा करने से बचे, आकाशीय विद्युत से होने वाली घटनाओं से बचाव एवं पूर्व चेतावनी हेतु ‘‘दामिनी’’ एप का प्रयोग करें। इसके अतिरिक्त अन्य प्राकृतिक आपदाओं से राहत एवं बचाव तथा अपने जीवन को सुरक्षित रखने के लिये विभिन्न आपदाओं के दौरान क्या करें-क्या न करें के बारे में अधिक जानकारी/एडवाइजरी हेतु ‘‘सचेत एप’’ का सतत् प्रयोग करें ।
प्रतापगढ़ : खराब मौसम को लेकर जारी एडवाइज़री
