गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नव संवत्सर “2080” को भव्य समारोह बनाने की तैयारी

सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई विशेष बैठक

संवाददाता/गौरवशाली भारत

नाँगल चौधरी। शहर में बुधवार 22 मार्च नव संवत्सर “2080” उपलक्ष्य भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें भारत विकास परिषद सहित समस्त सामाजिक संस्थाएँ, शिक्षण संस्थाएं, व्यापार संगठन शामिल होंगे। सभी प्राइवेट स्कूल के विद्यार्थी शहर के प्रमुख मार्ग से पैदल मार्च करते हुए हाथों में भगवा ध्वजा के साथ शोभायात्रा निकालेंगे।

नव संवत्सर “2080” को भव्य समारोह मनाने की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सरस्वती सीनियर सेकंडरी स्कूल में भारत विकास परिषद सहित सर्व समाज के गणमान्य, हिन्दू सभा के कार्यकर्ता, सामाजिक एवं शिक्षण संस्थाओं के संचालक एवं प्रतिनिधि सदस्य शामिल हुए। इस बैठक में समाज के प्रतिष्ठित एवं गणमान्य स्वजनों ने भारतीय नव संवत्सर 2080 को सामुदायिक उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए शहर के नागरिकों से अपील की। साथ ही इस बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए कार्यक्रम की रुपरेखा तय की गई। दायित्व धारियों को उनके कार्यों से अवगत कराया गया। साथ ही सभी स्कूल संचालकों को समारोह की विशेष तैयारियों के दिशा निर्देश दिए गए।

इस विशेष बैठक में भगवा रैली (शोभायात्रा) को लेकर नाँगल चौधरी की सभी प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों के भाग लेने के लिए कहा गया। साथ ही प्रत्येक स्कूल से धार्मिक झांकियों की प्रस्तुति के लिए आव्हान किया गया। बैठक में संस्था के प्रमुख व्यक्तियों द्वारा इस कार्यक्रम को विशेष बनाने के लिए सभी स्कूल संचालकों को अपने वाहन के साथ कपड़े के बैनर लगवाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सनातनियों से निवेदन किया गया कि वह भारतीय नूतन वर्ष स्वरूप नव संवत्सर “2080” की बधाई संदेश सभी सोशल प्लेटफ़ार्म पर जोश एवं ऊर्जा के साथ अपने परिजनों एवं मित्र-साथियों को देना आरंभ करें। बैठक में सार्वजनिक संदेश में कहा गया कि बधाई एवं शुभकामनाएंँ बैनर अपने घर व संस्थान में लगवायें और अपने कार्यस्थल एवं प्रतिष्ठान के आसपास बधाई संदेशों व धर्म ध्वजाओं से सजाएं। इस नव संवत्सर को नव वर्ष की भांति भव्य महापर्व स्वरूप मनाएं।

शहर के नागरिकों से की अपील

  • सभी अपने घरों पर धर्म ध्वजा फहराएं।
  • घर-द्वार पर वंदनवार लगाएं।
  • दिन के भोजन में खीर पुरी मिष्ठान के साथ भगवान को भोग लगाएं।
  • संध्या समय में घर के मुख्य द्वार पर पांच दीपक प्रज्वलित करें।
  • अपने इष्ट मित्रों एवं परिजनों को हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएंँ दें।
  • सभी मन्दिरों में महा आरती का आयोजन करें।

शहर में ये कार्यक्रम होंगे विशेष

बुधवार 22 मार्च के कार्यक्रम में पूर्वाह्न 4 बजे प्रभात फेरी की जाएगी। इसके साथ ही प्रातः 8:15 बजे सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 51 कुंड सहित हवन यज्ञ का विशाल आयोजन किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम की निरंतरता में पूर्वाह्न 10 बजे विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *