नई दिल्ली : हार्वेन प्रो टेनिस लीग (पीटीएल) के पांचवें संस्करण की नीलामी 28 अक्टूबर को नई दिल्ली के आरके खन्ना टेनिस स्टेडियम में होगी जिसमें कुल आठ टीमो के 40 खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। मुकुंद शशिकुमार, सहजा यमलापल्ली के साथ रिया भाटिया नीलामी के लिए खिलाड़ियों के पूल का हिस्सा होंगे। भाग लेने वाले 40 खिलाड़ियों को पांच श्रेणियों में बांटा गया है। मुकुंद शशिकुमार की 17 अक्टूबर 2019 को हासिल की गई करियर की उच्चतम एटीपी एकल रैंकिंग 229 है।
उनके पास तीन फरवरी 2020 को हासिल की गई करियर की उच्चतम एटीपी युगल रैंकिंग 431 है, जबकि रिया भाटिया की एकल में करियर की उच्चतम डब्ल्यूटीए रैंकिंग 338 है। उन्होंने आईटीएफ महिला सर्किट के टूर्नामेंट में तीन एकल और तीन युगल खिताब जीते हैं। सहजा यमलापल्ली की एकल में 380 और युगल वर्ग में 513 की उच्चतम रैंक थी। नीलामी के लिए लागू किया जाने वाला पैटर्न नीलामी शुरू होने से पहले ड्रा द्वारा तय किया जाएगा।
