झुंझुनूं : अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य में उनकी कांग्रेस सरकार के शासन में करीब पांच साल में चार गुना गति से प्रगति हुई है और अब वर्ष 2030 तक प्रगति की गति को दस गुना बढ़ाने का लक्ष्य है। गहलोत शनिवार को झुंझुनूं के बिसाऊ में लगभग 150 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यां के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, आर्थिक विकास, आधारभूत सरंचना विकास, सोलर ऊर्जा, अनाज उत्पादन सहित हर क्षेत्र में देश का मॉडल स्टेट बन गया है।
उन्होंने कहा “11.04 जीडीपी विकास दर के साथ राजस्थान उत्तर भारत में प्रथम और देश में द्वितीय स्थान पर आ गया है। हमारे कुशल वित्तीय प्रबंधन से राज्य की अर्थव्यवस्था वित्तीय वर्ष के अंत तक 15 लाख करोड़ हो जाएगी, जिसे वर्ष 2030 तक 30 लाख करोड़ तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।” गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2030 तक राजस्थान को हर क्षेत्र में भारत का सिरमौर बनाने की दिशा में महत्वाकांक्षी ‘राजस्थान मिशन-2030‘ की शुरूआत की है।
अब तक 2.50 करोड़ से अधिक लोगों से सपनों के राजस्थान के लिए सलाह और सुझाव प्राप्त हो चुके हैं। इन्हीं के आधार पर पांच अक्टूबर को ‘विजन-2030 डॉक्यूमेंट‘ जारी किया जाएगा। इसमें सुझावों के जरिए प्रत्येक प्रदेशवासी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। श्री गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार के कुशल वित्तीय प्रबंधन के कारण योजनाओं से हर वर्ग लाभान्वित हुआ है। ये आगे भी जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि जो वादे किए है, उन्हें पूरा किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झुंझुनूं जिला आजादी से ही शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में हमेशा से अग्रणी रहा है। यहां की प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर कीर्तिमान स्थापित किए हैं। राज्य सरकार ने भी शेखावाटी क्षेत्र में बड़ी संख्या में शिक्षण और खेल संबंधी संस्थान खोले हैं। उन्होंने कहा कि ये क्षेत्र अपनी सांस्कृतिक और पुरातत्व धरोहर के लिए भी देशभर में अनूठी पहचान रखता है। यहां की हवेलियां व बिसाऊ की रामलीला देशभर में प्रसिद्ध हैं।
कार्यक्रम में विधायक कुमारी रीटा चौधरी ने कहा कि गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कोरोना और बढ़ती महंगाई जैसी वितरीत परिस्तिथियों में भी आमजन को राहत प्रदान की। कार्यक्रम को पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, मुख्यमंत्री सलाहकार एवं विधायक डॉ. जितेन्द्र सिंह एवं डॉ. राजकुमार शर्मा, विधायक जे.पी. चन्देलिया तथा पूर्व विधायक सुरजगढ़ श्रवण कुमार ने भी सम्बोधित किया।
