गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नंदीग्राम में महिला भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के बाद विरोध-प्रदर्शन

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में शनिवार को लोकसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान से पहले पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम में बुधवार रात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला शाखा की कार्यकर्ता रतिबाला अरही की कथित हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन किए गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया, जिसके बाद केंद्रीय सशस्त्र बलों की तैनात करना पड़ा। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों ने गांव पर धावा बोला और कुछ घरों में आग लगा दी।
सूत्रों ने बताया कि सोनाचुरा गांव में अज्ञात बदमाशों ने कुछ भाजपा समर्थकों के घरों पर धावा बोला और उन पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता रतिबाला अरही की मौत हो गई और उनके बेटे संजय अरही समेत सात अन्य घायल हो गए। हालत बिगड़ने के बाद संजय को कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बदमाशों ने हमला करने के बाद इलाके के कुछ घरों और दुकानों में आग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नंदीग्राम के विधायक शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे ‘जंगी जिहादी’ थे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि अपराध के पीछे तृण्मल कांग्रेस (टीएमसी) का हाथ है। उन्होंने कहा कि टीएमसी क्षेत्र में आतंक पैदा करने के लिए सभी प्रयास कर रही है और तमलुक लोकसभा सीट पर शनिवार के मतदान में भाजपा उम्मीदवार न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अभिजीत गंगोपाध्याय को वोट नही देने के लिए मतदाताओं को धमकी दे रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी महिला शाखा की कार्यकर्ता की हत्या के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, सड़क पर टायर जलाए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। तमलुक में 25 मई को होने वाले मतदान के लिए प्रचार का आज आखिरी दिन है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि बदमाशों ने रात करीब दो बजे मनशा पुकुर बाजार इलाके में हमला किया। बदमाश मोटरसाइकिलों पर आए और भाजपा समर्थकों के घरों पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें रतिबाला अरही की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।
सू्त्रों ने बताया कि संजय अपनी मां को बचाने आया तो बदमाशों ने उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस बीच स्थानीय लोगों में विश्वास पैदा करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र बलों को तैनात किया गया। इस सिलसिले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *