जयपुर : राजस्थान में आगामी 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सूची जारी होने के बाद कई उम्मीदवारों का शुरु हुआ विरोध अभी जारी है और शुक्रवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर सांसद दीया कुमारी सहित कुछ प्रत्याशियों के टिकट बदने की मांग की। दोपहर में भाजपा प्रदेश कार्यालय में जयपुर के विद्याधरनगर , कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर एवं सवाईमाधोपुर के बामनवास विधानसभा क्षेत्र से भाजपा कार्यकर्ता जुटने लगे और कार्यालय के बाहर एवं अंदर जमकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान विधाधर नगर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी दीया कुमारी को टिकट दिए जाने का विरोध करने लगे। इस दौरान बड़ी संख्या में आये कार्यकर्ताओं जिनमें महिलाएं भी शामिल थी ने विष्णु प्रताप सिंह का समर्थन करते हुए उन्हें टिकट दिये जाने की मांग की।
उन्होंने श्री विष्णु प्रताप सिंह को जनसेवक बताते हुए कहा कि क्षेत्र में रहने वाले को टिकट दिया जाना चाहिए। इसी तरह बानूसर से आये कार्यकर्ताओं ने भी बानसूर विधानसभा क्षेत्र से देवी सिंह शेखावत को दिए पार्टी टिकट का विरोध कर महेंद्र यादव का समर्थन कर रहे थे। बामनवास विधानसभा क्षेत्र से रामराज मीणा का समर्थन किया और उन्हें टिकट दिए जाने की मांग की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से बात की और उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन जारी रखा।
