सोलन : विश्व भर में आयुर्वेद को बेहतरीन चिकित्सा पद्धतियों में से एक माना जाता है। हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में आयुर्वेदिक चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मी श्रेष्ठ कार्य कर रहे हैं। उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी आज यहां कहा कि पंडित दीन दयाल आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन की रोगी कल्याण समिति के शासकीय निकाय की दसवीं बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।
उपायुक्त ने जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर बल दिया। उन्होंने आशा जताई कि आयुर्वेद विभाग सोलन भविष्य में भी इसी प्रकार कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के प्रबन्धन में रोगी कल्याण समिति का कार्य महत्वपूर्ण है। उन्होंने समिति को निर्देश दिए कि अस्पताल में रोगियों को दी जाने वाली सुविधाओं में सुधार और सहायता को और बेहतर बनाएं। उन्होंने सामान्य ऑपरेशन के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2021-22 में अस्पताल की रोगी कल्याण समिति द्वारा आयुष्मान भारत योजना के तहत 272 रोगियों को लगभग 24 लाख 48 हजार रुपए तथा हिमकेयर योजना के तहत 232 रोगियों को लगभग 20 लाख 88 हजार रुपए की कैशलेस सुविधा प्रदान की गई। इस अवधि में 1299 रोगियों का पंचकर्म पद्धति से उपचार किया गया। इसके अतिरिक्त 340 रोगियों का क्षार सूत्र विधि से उपचार किया गया। बैठक में स्पेशल वार्ड के चार्जेज 750 रुपये से घटाकर 500 रुपये करने का निर्णय भी लिया गया।
रोगियों को प्रदान करें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
