चंडीगढ़ : पंजाब विजीलेंस ब्यूरो द्वारा आज श्री मुक्तसर साहिब में तैनात पी.एस.पी.सी.एल के जूनियर इंजीनियर (जे.ई.) सतनाम सिंह को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए काबू किया गया है। विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि दरवेश बस सर्विस कंपनी के मालिक गुरभेज सिंह निवासी श्री मुक्तसर साहिब ने शिकायत दर्ज करवाई कि आदेश अस्पताल के नज़दीक उसकी कंपनी की बस बिजली के खंबों से टकरा गई, जिस कारण दो खंबों को नुकसान पहुँचा।
शिकायतकर्ता द्वारा पी.एस.पी.सी.एल के एक प्राइवेट ठेकेदार की मदद से बिजली के नये खंबे लगाए जाने के बावजूद भी जूनियर इंजीनियर ने इस मामले को रफा-दफ़ा करने और शिकायतकर्ता के खि़लाफ़ कोई कार्यवाही न करने के बदले आठ रुपए की रिश्वत माँगी और सौदा पांच रुपए में तय हुआ।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत की प्राथमिक जांच के उपरांत विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने ट्रैप लगाकर जूनियर इंजीनियर सतनाम सिंह को सरकारी गवाहों की हाजिऱी में शिकायतकर्ता से पांच रुपए की रिश्वत लेते हुए काबू कर लिया। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्धी सतनाम सिंह के खि़लाफ़ थाना विजीलेंस ब्यूरो, बठिंडा रेंज में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले की आगे की जांच जारी है।
