गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश

सागर : अरुण यादव ने आज कहा कि 18 साल के कुशासन वाली भ्रष्टाचारी भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ जनता में भयंकर आक्रोश है। कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही बुंदेलखंड जन आक्रोश यात्रा के सिलसिले में यादव दमोह, छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ जिला से होकर बुधवार देर रात सागर पहुंचे थे। यहां उन्होंने जन आक्रोश रैली एवं जन आक्रोश सभा में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने संवाददाताओं से चर्चा में आरोप लगाया कि बुंदेलखंड अंचल के पांच जिलों से होकर यहां पहुंचने पर यह साफ तौर पर देखने आया है कि 18 साल के कुशासन वाली भ्रष्टाचारी भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में भयंकर आक्रोश है। भाजपा द्वारा निकाली गई ‘अवसरवाद’ यात्रा में जनता ने अपना आशीर्वाद देने में जिस तरह की बेरुखी और जन आक्रोश यात्रा को भारी जन समर्थन दिखाया है उससे साफ है कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है।
उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी उज्जैन में 12 साल की अबोध बालिका के साथ दुष्कृत्य की शर्मनाक खबर सुर्खियों में बनी हुई है, जो पूरे देश में प्रदेश को कलंकित और शर्मसार करने वाली है।

यह स्थिति पूरे प्रदेश में बेटियों और महिलाओं की है। यादव ने सागर के ऐतिहासिक तालाब की दुर्दशा पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सागर का तालाब एक समय सागर की शान रही है। इस ऐतिहासिक विरासत को भी पूर्ण रूप से नष्ट किए जाने का काम यहां किया जा रहा है। उन्होंने बुंदेलखंड पैकेज में हुए भ्रष्टाचार पर आगे कहा कि पन्ना में 100 – 100 करोड़ रुपये के बांध बनाये थे वो पहली ही बारिश में बह गए। टिकट वितरण के संबंध में उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर प्रक्रिया जारी है। कांग्रेस की पहली सूची 5-10 अक्टूबर के बीच आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *