गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पंजाब : फल-फूल रहा नशे का कारोबार

जालंधर : अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को आम आदमी पार्टी को पंजाब की दुर्दशा के लिए सबसे बड़ा जिम्मेदार बताते हुए कहा कि पंजाब में नशे का कारोबार पहले से भी अधिक फल फूल रहा है और युवाओं का भविष्य उजड़ रहा है। ठाकुर ने नशे के कारोबार पर भगवंत मान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य से नशे के कारोबार को नष्ट करने की बड़ी-बड़ी बातें की थी लेकिन इसके विपरीत मादक पदार्थों का कारोबार बढ़ रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि आप की सरकार ने स्मार्ट सिटी के सपने को भी चकनाचूर कर दिया है। उन्होंने पंजाब की विधि व्यवस्था पर गहरे प्रश्नचिह्न खड़े करते हुए कहा कि यहां के गायकों, खिलाड़ियों और व्यापारियों के दिन-दहाड़े कत्ल हो रहे हैं। जेलों में बैठकर अपराधी गैंगवार चला रहे हैं। पंजाब की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ाई हुई है। बहुत से व्यापारी तो ऐसे हैं जो डर के कारण पुलिस के पास भी नहीं जाते। आज पंजाब में माफिया फल फूल रहा है। आतंकवाद सर उठा रहा है।
भ्रष्टाचार पर वार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आप के विधायक आज ‘वसूली विधायक’ के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि पहले विवाद चालू करते हैं और फिर उससे उगाही का काम करते हैं। समाज में खराब से खराब काम का नाम लीजिए, और आप का नेता उससे जुड़ा मिलेगा। इनके मंत्रियों के कथित वीडियो देखकर सुनकर शर्म आती है। स्वास्थ्य मंत्री का मात्र दो महीने में भ्रष्टाचार के आरोपों पर इस्तीफा हुआ है, लेकिन फिर भी इनके विधायकों में पैसा खाने की होड़ है। जिस भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड, पंजाब कांग्रेस ने अपने पांच साल में स्थापित किए थे, उसे आम आदमी पार्टी ने एक साल ही में तोड़ दिया है।
पंजाब के भ्रष्टाचार को दिल्ली के भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पंजाब बिल्कुल दिल्ली के भ्रष्टाचार मॉडल पर चल रहा है। आम आदमी के नाम पर वोट मांगने वालों ने दिल्ली और पंजाब में लूट की खुली छूट दे रखी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में इनके स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री आज भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के कारण जेल में है। इनके मुख्यमंत्री जो कहते थे कि कभी बड़ा घर, गाड़ी और अन्य सुविधाएं नहीं लूंगा, उन्होंने मात्र अपने बंगले के रेनोवेशन पर 45 करोड़ रुपए खर्च कर दिए हैं। जिस दिल्ली में जल बोर्ड लोगों को पीने का पानी मुहैया नहीं करा पा रहा, वहां के मुख्यमंत्री के आशियाने में आठ करोड़ का स्विमिंग पूल बना है। उन्होंने दिल्ली के लोगों के लिए एक शौचालय तक नहीं बनवाया, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने अपने घर में 15 शौचालय बनवाए हैं। गरीबों के लिए एक पक्का मकान तक नहीं बनवाया, लेकिन अपने फर्श पर 4.5 करोड़ रुपये खर्च किए। आठ करोड़ के लकड़ी के बोर्ड से सजावट हुई है। गरीब 10 हज़ार का टीवी नहीं खरीद सकता, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने 10.50 लाख का टीवी लगवाया है। एक नहीं कई टीवी खरीदे हैं।
भाजपा द्वारा पंजाब में किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि हमने पंजाब को एम्स दिया, पीजीआई सेटेलाइट केंद्र दिया, स्मार्ट सिटी परियोजना के लिए 950 करोड़ रुपये दिए, नये हाईवे की बात हो या सुपर एक्सप्रेस वेज बनाने की बात, यह सभी भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही संभव हो पाए हैं। मोदी सरकार ने ही करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोला, हेमकुंड साहिब तक रोप वे पहुँचाया और चार धाम यात्रा को सुलभ बनाया। हमने ही गुरु नानक देव महाराज जी का प्रकाश पर्व धूम धाम से मनाया और साहबजादों के बलिदान दिवस को वीर बाल दिवस के रूप में मनाना शुरू किया। 1984 के सिख दंगों में एसआईटी का गठन मोदी सरकार में हुआ। अफगानिस्तान में हमारे सिख भाइयों पर हो रहे हमले को रोका। वहां से स्पेशल फ्लाइट चलाकर साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूपों को पूरे अदब सत्कार से भारत वापस लाया गया और सिख परिवारों को भी भारत लाने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *