चंडीगढ़ : पंजाब सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को नये साल के तोहफ़े के तौर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक दिसंबर, 2023 से चार प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाकर देने का एलान किया है। जिससे कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 34 से बढ़ कर 38 प्रतिशत हो गया।
पंजाब भवन में मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के साथ हुई बैठक में कहा कि इस फ़ैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को फ़ायदा होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी प्रशासन का अहम हिस्सा हैं और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की मुख्य प्राथमिकता है।
एक अन्य मुद्दे पर चर्चा करते हुये मुख्यमंत्री मान ने कहा कि राज्य सरकार पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले को आगे बढ़ाने के लिए केन्द्र सरकार के वित्त सचिव के साथ बैठक की जायेगी। श्री मान ने स्टेनो टाईपिस्टों के लिए वरिष्ठता के आधार पर अलग-अलग विभागों में पदोन्तियों को सुनिश्चित बनाने के लिए समय-सारणी (टाईम स्केल) तैयार करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि सभी विभागों की मनिस्टरियल सेवाओं में खाली पड़े पदों को तरक्की के द्वारा भरने की प्रक्रिया दो महीनों के अंदर-अंदर अवश्यंभावी बनाई जाये। उन्होंने ए.सी.पी स्कीम बहाल करने सहित कर्मचारियों की कई लटकतीं माँगों के समाधान के लिए कमेटी बनाने का एलान भी किया।
पंजाब सरकार ने महंगाई भत्ते में वृद्धि का किया एलान
