गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जीएसटी संशोधन विधेयक से पंजाब का राजस्व बढ़ेगा

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी (आप) ने विधानसभा सत्र में लाये गये वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संशोधन विधेयक की तारीफ करते हुये कहा है कि मान सरकार पंजाब को आर्थिक तौर पर मजबूत करने के लिये लगातार फैसले ले रही है। चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में गुरुवार को आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने मीडिया को संबोधित करते हुये कहा कि जीएसटी अमेंडमेंट बिल से पंजाब का राजस्व बढ़ेगा और लोगों को भी पंजाब से बाहर खरीदारी करने में सहूलियतें मिलेंगी।
कंग ने कहा कि अब पंजाब के लोग राज्य से बाहर सामान खरीदने के लिये अगर 03 कोड का इस्तेमाल करेंगे तो उसका टैक्स पंजाब सरकार के खाते में आयेगा। उन्होंने पंजाबियों से अपील की पंजाब से बाहर खरीदारी करने के लिये 03 कोड का इस्तेमाल जरूर करें। उन्होंने मान सरकार के वन टाइम सेटलमेंट स्कीम (ओटीएस) के फैसले की भी तारीफ की और कहा कि यह काफी सराहनीय कदम है। इस स्कीम के तहत करीब 95 प्रतिशत पेंडिंग मामले का समाधान हो जायेगा। योजना के तहत एक लाख तक के पुराने बिलों पर पूरा टैक्स, पूरा ब्याज और पेनल्टी माफ होगी।

एक लाख से एक करोड़ तक के पेंडिंग बिलों में 50 प्रतिशत टैक्स और 100 प्रतिशत ब्याज और जुर्माना माफ होंगे। अभी तक सरकार के पास कुल 61805 ऐसे मामले आये हैं। उन्होंने कहा कि इस कदम से पंजाब के छोटे व्यापारियों को काफी सहूलियतें मिलेगी और सरकार का भी कर संग्रह बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मान सरकार ऐसे फैसले लेकर लगातार छोटे व्यापारियों को टैक्स देने के लिये प्रोत्साहित कर रही है जिसके कारण पंजाब सरकार के कर संग्रह में काफी वृद्धि हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *