अजमेर : राजस्थान के अजमेर में अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले के दौरान पवित्र पुष्कर सरोवर का पानी दूषित हो जाने पर पुष्कर नगरपालिका ने पानी को साफ करने का बीड़ा उठाया है। तीर्थराज पुष्कर में इसी कार्तिक पूर्णिमा को पंचतीर्थ स्नान, कार्तिक पूर्णिमा व अगले दिन मृगछाला स्नान में करीब छह से सात लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के साथ उन्होंने सरोवर में खाद्य एवं पूजन सामग्री के अलावा दीपदान भी किया जिसके चलते सरोवर के सभी 52 घाटों पर गंदगी से पानी दूषित हो गया और जल में ऑक्सीजन की मात्रा भी कम हो गई जिससे जल जीवों एवं मछलियों का दम घुटने लगा।
पुष्कर नगरपालिका ने समय रहते निर्णय लिया और पानी को शुद्ध करने के लिए उसमें चूना डलवाने का काम शुरू किया। बताया जा रहा है कि इससे ऑक्सीजन की मात्रा भी बढ़ेगी। पुष्कर नगरपालिका सफाई प्रभारी लोकेन्द्र ने बताया कि पुष्कर मेले के बाद सरोवर में अब तक 600 किलो चूना डाला जा चुका है और आने वाले दिनों में इतना ही चूना और डाला जाएगा।
