रायबरेली : उत्तर प्रदेश के रायबरेली में भदोखर के मुंशीगंज इलाके में हिन्दू युवा वाहिनी ने सामूहिक रूप से एक धर्म विशेष की प्रार्थना सभा के आयोजन की आड़ में धर्मांतरण का आरोप लगाया गया है जिसकी जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों से आज रविवार को मिली जानकारी के अनुसार भदोखर थाने के अंतर्गत मुंशीगंज के पत्थरकटा इलाके के एक मकान के बेसमेंट में बिना अनुमति प्रार्थना सभा में सैकड़ों लोग मौजूद थे, जहां प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप हिन्दू युवा वाहिनी ने लगाया है।
हिन्दू युवा वाहिनी के महामंत्री मरुत त्रिपाठी ने आरोप लगाते हुए बताया कि बिना अनुमति मकान के बेसमेंट में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्म परिवर्तन का काम हो रहा था। इस दौरान भारी तादात में लोग मौजूद थे।
पुलिस ने बताया कि गोविंद नामक व्यक्ति से पूछताछ हो रही है और मामले की सघनता से जांच की जा रही है। अगर गैरकानूनी तरीके से धर्म परिवर्तन का मामला पाया गया या कानून का किसी भी तरह से उल्लंघन पाया गया तो कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
हिन्दू युवा वाहिनी की ओर से बताया गया कि इतनी उमस में सैकड़ो लोग मकान के सकरे कमरे में बिना अनुमति बैठे थे अगर कोई हादसा हो जाता तो गंभीर बात हो सकती थी।
दूसरी ओर स्वयं सेवक संघ की ओर से गया प्रसाद शुक्ल ने भी मेरठ की घटना का हवाला देते हुए कहा कि वहां भी हाल में भगदड़ मची थी जिसमे तमाम लोग हादसे का शिकार हुए थे। उन्होंने कहा कि चंद रोज पहले दिल्ली की एक कोचिंग में हुई घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे उत्तर प्रदेश में सघनता से छानबीन की गई थी लेकिन यहाँ इस प्रकार का गैर जिम्मेदाराना काम हो रहा है इसलिए प्रशासन को इस प्रकरण में ठोस कार्रवाई करनी चाहिए अन्यथा विश्व हिंदू परिषद भी आंदोलन करेगी।
रायबरेली:हिंदू युवा वाहिनी ने लगाया धर्मांतरण का आरोप, जांच शुरू
