नयी दिल्ली : रेल, संचार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलैक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने विभागों में 17 सितंबर से दो अक्टूबर गांधी जयंती तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े की आज शाम यहां शुरुआत की और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलायी। रेल मंत्रालय में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में वीडियो लिंक के माध्यम से रेलवे के सभी जोनल मुख्यालयों के महाप्रबंधक, मंडल मुख्यालयों में मंडल रेल प्रबंधक, अन्य विभागों के प्रमुख अधिकारी गण जुड़े थे।
कार्यक्रम में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय कुमार त्रिपाठी, डाक महानिदेशक, संचार विभाग के अतिरिक्त सचिव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। श्री वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता देश का मिशन एवं जनजीवन का अहम हिस्सा बन गया है।
उनका फोकस सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण पर है और उन्होंने राजनीति को लोगों के सेवा के माध्यम में तब्दील कर दिया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े में तपेदिक रोगियों की सेवा एवं रक्तदान अभियान पर फोकस होगा। कार्यक्रम के अंत में श्री वैष्णव ने कर्मचारियों को स्वच्छता के लिए काम करने एवं अपने साथ सौ लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने की शपथ दिलायी।
