नयी समय सारणी जारी
नई दिल्ली : भारतीय रेलवे ने चालू वित्त वर्ष की प्रथम छमाही में 758.20 टन माल की ढुलाई की जो पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में माल ढुलाई से 21.52 टन की वृद्धि दर्ज की है। भारतीय रेलवे ने नयी यात्री समय सारणी भी जारी की है। आज यहां जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अप्रैल-सितंबर 2023 की अवधि के लिए भारतीय रेल ने 758.20 टन माल की ढुलाई की, जबकि पिछले वर्ष 736.68 टन माल की ढुलाई की गई थी जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 21.52 टन की वृद्धि दर्शाता है। रेलवे ने पिछले वर्ष के 78991 करोड़ रुपये की तुलना में 81697 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 2706 करोड़ रुपये अधिक है।
इस वर्ष सितंबर के दौरान, 123.53 टन का प्रारंभिक माल ढुलाई का लक्ष्य हासिल किया गया है जबकि गत वर्ष इसी माह में 115.80 टन माल की ढुलाई की गई थी। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 6.67 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सितंबर 2022 में माल ढुलाई से राजस्व के रूप में 12332.70 करोड़ रुपये की आय हुई थी इसकी तुलना में सितंबर 2023 में 12956.95 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई है। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 5.06 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
भारतीय रेल ने बीते सितंबर के दौरान कोयले में 59.70 टन, लौह अयस्क में 14.29 टन, पिग आयरन और तैयार स्टील में 5.78 टन, सीमेंट (क्लिंकर को छोड़कर) में 6.25 टन, क्लिंकर में 4.89 टन, खाद्यान्न में 4.54 टन, उर्वरक में 4.23 टन, खनिज तेल में 4.0 टन, कंटेनरों में 7.28 टन और शेष अन्य सामान में 10.10 टन की माल ढुलाई की।
भारतीय रेलवे ने कहा कि “हंग्री फॉर कार्गो” मंत्र का पालन करते हुए, भारतीय रेल ने व्यापार करने में आसानी के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी कीमतों पर सेवा अदायगी में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। कुशल नीति निर्माण द्वारा समर्थित ग्राहक केंद्रित दृष्टिकोण और व्यवसाय विकास इकाइयों के काम ने रेलवे को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने में मदद की।
इस बीच रेल मंत्रालय ने अपनी नई अखिल भारतीय रेल समय सारणी ‘ट्रेन्स एट ए ग्लांस (टीएजी)’ जारी कर दी है और यह 01 अक्टूबर से प्रभावी हो गयी है। यह समय सारणी ‘ट्रेन्स एट ए ग्लांस’ भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। नई समय सारिणी की प्रमुख विशेषताओं में वंदे भारत ट्रेनों की 64 सेवाओं और 70 अन्य ट्रेन सेवाओं को शामिल करना, अन्य गंतव्यों के लिए मौजूदा 90 सेवाओं का विस्तार, 12 सेवाओं की बारंबारता में वृद्धि, ट्रेनों की 22 सेवाओं को सुपरफास्ट श्रेणी में जल्द बदला जाना, 20501/02 अगरतला-आनंद विहार राजधानी का मार्ग बदलकर मालदा, भागलपुर के रास्ते किया जाना तथा दक्षिण पूर्व रेलवे में कुछ सेवाओं की समय-सारणी में परिवर्तन शामिल है।
नई समय सारिणी में वंदे भारत ट्रेनों की 64 सेवाओं और 70 अन्य ट्रेन सेवाओं को शामिल किया गया है, ताकि यात्रियों को आरामदायक और बेहतर यात्रा का अनुभव मिल सके। नई समय सारिणी को विभिन्न शहरों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने और यात्रा के समय को कम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा पर जाने के पहले नई समय सारिणी के अनुसार प्रस्थान और आगमन के समय की जांच कर लें।
