सरकार ने जारी की एडवायजरी; हेलिकॉप्टर की ब्लेड से कटकर एक अधिकारी की मौत
देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा शनिवार को अक्षय तृतीया से शुरू हो गई। अगले 5 दिन में हिन्दू तीर्थ यात्री बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के दर्शन करेंगे। गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट 22 अप्रैल को खुल गए। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को और बद्रीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल को खोले जाएंगे।
यात्रा शुरू होते ही केदारनाथ धाम में रविवार को रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी हो रही है। खराब मौसम के कारण हरिद्वार और ऋषिकेश में केदारनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का रजिस्ट्रेशन 30 अप्रैल तक रोक दिया गया है। राज्य सरकार ने तीर्थयात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों से कहा गया है कि वे धाम जाने से पहले अपने साथ गर्म कपड़ा और जरूरी सामान साथ रखें।
इधर, केदारनाथ में हेलिकॉप्टर के रोटर ब्लेड की रेंज में आने से एक शख्स की मौत हो गई। स्क्क रुद्रप्रयाग विशाखा अशोक के मुताबिक, मरने वाला शख्स केदारनाथ में हेलिकॉप्टर चलाने वाली कंपनी में अधिकारी था।
इलाज के पुख्ता इंतजाम
उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने कहा, शनिवार को केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी हुई थी। तीर्थयात्री सतर्क रहें और मौसम को देखते हुए अपनी यात्रा शुरू करें। सरकार की ओर से कहा गया है कि सभी रास्तों पर इलाज के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्री तबीयत बिगड़ने पर नजदीकी हेल्थ केंद्र भी जा सकते हैं और डॉक्टर से परामर्श ले सकते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर.के. राजेश कुमार चारधाम यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में स्वास्थ्य सचिव केदारनाथ धाम का दौरा कर विभिन्न स्थानों पर हेल्थ यूनिट्स की जांच की। स्वास्थ्य सचिव डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि चारधाम यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है।
केदारनाथ धाम में बारिश-बर्फबारी, 30 अप्रैल तक रजिस्ट्रेशन रुका
