गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

झाबुआ में बारिश, नदी नाले उफान पर

झाबुआ : मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से समेत झाबुआ जिले में पिछले एक दो दिनों से बारिश का क्रम जारी रहने से नदी नाले उफान पर आ गए हैं और आज जिले में सभी विद्यालयों में अवकाश रहा। पड़ोसी रतलाम जिले में रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश का क्रम जिला मुख्यालय और जिले में अनेक स्थानों पर बना रहा। इसके चलते जिला प्रशासन ने कक्षा पहली से लेकर बारहवीं कक्षा तक सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया।
बारिश के कारण रतलाम रेल मंडल के पंचपिपलिया-बामनिया रेल मार्ग पर अमरगढ़ रेलवे स्टेशन के पास आज ही पहाड़ से एक चट्टान का टुकड़ा रेलवे ट्रैक पर आ गिरा। इस वजह से मुंबई दिल्ली रेलवे ट्रैक पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही रेलवे का तकनीकी अमला मौके पर पहुंचा और रेलवे ट्रैक दुरुस्त करने के प्रयास प्रारंभ किए गए। यहां से ट्रेनों को ऐहतियाती उपाय अपनाकर गुजारा जा रहा है।
वहीं जिले में माही नदी पर बने बांध के आठ गेट देर रात खोल दिए गए। वहीं जिले की अनास, पंम्पावती, पदमावर्ती, नौगांवा और सुनार आदि नदियां उफान पर बह रही हैं। क्षेत्र के कई बरसाती नालों पर बने रपटों के ऊपर से पानी बह रहा है। कलेक्टर ने प्रशासनिक अमले को सतर्क और निचले क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में विशेष ध्यान देने के लिए कहा है।
भारी बारिश का असर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा पर भी देखा गया। कल देर शाम झाबुआ के राजवाडा चौक पर जन आशीर्वाद यात्रा पहुंची और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के का भाषण कार्यक्रम प्रभावित हुआ। जिला प्रशासन का कहना है कि वह जिले में बारिश की स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *