जयपुर : अशोक गहलोत ने विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद दावा करते हुए कहा है कि चुनाव का बिगुल बजा, शुरु संग्राम, फिर से जीतेगा राजस्थान। गहलोत ने सोशल मीडिया पर प्रदेशवासियों से अनुरोध करते हुए कहा “आज चुनाव की घोषणा हो चुकी है। आपके आशीर्वाद से हमें पांच वर्ष जनसेवा का मौका मिला। आपके सहयोग से अपने कार्यकाल में हमने सारे काम दिल से किए है।
बचत, राहत, बढ़त की ऐतिहासिक जनहितैषी योजनाओं को लागू कर हर ढ़ाणी तक मुस्कान बिखेरने की पूरे मन से कोशिश की। जिससे राजस्थान चार गुना रफ्तार से आगे बढ रहा है।” उन्होंने कहा “ अब हमारा उद्देश्य राजस्थान मिशन 2030 के तहत नम्बर एक राजस्थान के संकल्प को साकार करना है। अत: हमारा निवेदन है कि हम सभी पूरे मन से राजस्थान को अव्वल बनाने में जुट जाये।” उन्होंने कहा “काम किया है दिल से, कांग्रेस फिर से।”
