हिसार : हरियाणा के फतेहाबाद जिले में घग्गर नदी के साथ बनाया गया रंगोई नाले में जाखल खंड के शक्करपुरा गांव के निकट शनिवार तड़के करीब 100 फुट दरार आ गई। जिससे पानी तेजी से फतेहबाद और रतिया क्षेत्र के गांवों की ओर बढ़ रहा है। नाले की क्षमता 8500 क्यूसिक है, लेकिन दो दिन से इसमें 13000 क्यूसेक से अधिक पानी चल रहा था। इस कारण नाले में दरार आ गई। घटना तड़के तीन बजे ही है। नाले गांवों की ओर बढ़ रहे पानी से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
गांवों में तटबंध बनाकर ग्रामीण पानी को आबादी क्षेत्र में घुसने से रोक रहे हैं। बाढ़ की स्थिति के चलते 20 से ज्यादा गांवों के खेत पानी में डूब चुके हैं। कुछ गांवों में पानी के बहाव के कारण रास्ते अवरुद्ध हो गये हैं। वहीं प्रशासन भी स्तर्क हो गया है।
जिला उपायुक्त मनदीप कौर ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे उन रास्तों की तरफ न जायें जो बाधित हुए हैं।
इनमें जाखल से वाया कासिमपुर नडेल, जाखल से रतिया रोड साधनवास के टिब्बा के समीप, मूनक से टोहाना तथा मयोंद कलां से साधनवास मार्ग शामिल हैं। उधर, नाले की दरार पाटने के प्रयास किये जा रहे हैं लेकिन पानी की अधिकता होने के कारण इस कार्य में बाधा आ रही है।
