गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रश्मि शुक्ला ने सशस्त्र सीमा बल के महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया

नई दिल्ली : भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी रश्मि शुक्ला ने शुक्रवार को यहां सशस्त्र सीमा बल (एस.एस.बी.) के महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया। शुक्ला ने इलाहाबाद विश्वविधालय से भूगोल में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है तथा वह भारतीय पुलिस सेवा के 1988 बैच के महाराष्ट्र कैडर की अधिकारी हैं।
अपना प्रारंभिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न करने के बाद उन्होंने महाराष्ट्र के अकोला और सांगली जिलों में सहायक पुलिस अधीक्षक तथा जलगांव में अपर पुलिस अघीक्षक और नागपुर में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्य किया। बाद में उन्होंने सोलापुर, मुम्बई और नागपुर में पुलिस उपायुक्त जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी कार्य किया। डी.जी.पी. कार्यालय, मुम्बई में तैनाती के दौरान, श्रीमती शुक्ला ने उप महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) और उप महानिरीक्षक (प्रशासनिक) तथा विशेष महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) के पद पर भी अपनी सेवायें प्रदान की।
मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले के दौरान इनको राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के बीच समन्वयन स्थापित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसका उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया। पुणे के पुलिस आयुक्त के रूप में श्रीमती शुक्ला ने वर्ष 2016 से 2018 तक स्मार्ट पुलिसिंग को एक नया आयाम देते हुए सिटी सेफ, पुलिस काका, बड्डी कॉप और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा जैसी कई अनूठी पहल की। उनको 03 सितम्बर, 2020 को महाराष्ट्र सरकार द्वारा महानिदेशक के पद पर पदोन्नत किया गया, जहाँ उन्होंने महानिदेशक, सिविल डिफेन्स का पदभार संभाला। महानिदेशक सशस्त्र सीमा बल का पदभार ग्रहण करने से पूर्व शुक्ला ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में अपर महानिदेशक (मुख्यालय) का पदभार भी संभाला था।
रश्मि शुक्ला एक प्रतिष्ठित और सम्मानित अधिकारी हैं और उन्हें वर्ष 2005 में सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक तथा वर्ष 2013 में विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। पुणे के पुलिस आयुक्त के रूप में कार्य करते हुए स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में लिए गए अनूठे निर्णयों एवं पहल के लिए श्रीमती रश्मि शुक्ला को फिक्की द्वारा भी सम्मानित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *