गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आरबीएल बैंक से ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर : राजस्थान में जोधपुर जिले की साइबर थाना पुलिस ने आरबीएल बैंक के साथ नौ करोड रुपए की धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) दिनेश एमएन ने बताया कि पुलिस मुख्यालय सीआईडी क्राइम ब्रांच स्पेशल टीम की सूचना पर शनिवार को आरोपी हिमांशु प्रजापत (22) एवं सचिन राठौड़ (26) निवासी जोधपुर को गिरफ्तार किया गया।
श्री एम एन ने बताया कि अगस्त महीने में जोधपुर के साइबर थाना में नौ करोड रुपए की साइबर ठगी के संबंध में मुकदमा दर्ज हुआ था। बैंक के क्रेडिट कार्ड धारकों ने बैंक सर्वर को हैक कर ऑनलाइन अपने रुपए जमा बताकर बैंक से नगद राशि का आहरण किया था। इस मामले में साइबर थाना पुलिस जोधपुर द्वारा पूर्व में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

घटना के मुख्य आरोपी और सह अभियुक्तों की तलाश के दौरान सीआईडी टीम के हैड कांस्टेबल राकेश जाखड़ को इन दोनों अभियुक्तों के बारे में आसूचना प्राप्त हुई थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद साइबर थाना पुलिस जोधपुर द्वारा आरोपी हिमांशु प्रजापत और सचिन राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि आरबीएल बैंक लिमिटेड जयपुर के सहायक उप प्रबंधक निखिल पुरोहित ने साइबर थाना जोधपुर में गत 29 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज करा कर बताया कि मसूरिया कॉलोनी शास्त्री नगर में उनकी बैंक शाखा के कुछ क्रेडिट कार्ड धारकों ने कुछ व्यापारियों के साथ मिली भगत कर नौ करोड रुपए की ठगी की है।

कार्ड धारकों व अन्य ने धोखाधड़ी करने के लिए पूर्व नियोजित उद्देश्य के साथ बैंक सर्वर से छेड़छाड़ कर कंप्यूटर सिस्टम या कंप्यूटर नेटवर्क को हैक कर साइबर ठगी की है। ठगी का यह कार्य जुलाई से 16 अगस्त तक किया गया है। आरोपी राशि का भुगतान करने से मना कर रहे हैं। बैंक द्वारा संपर्क करने पर बैंक के अधिकारियों को गंभीर परिणाम करने की धमकी भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *