गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कंगना के खिलाफ चुनाव लड़ने को तैयार

शिमला : हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार व बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के सामने राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने को तैयार नज़र आ रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी कंगना के सामने युवा चेहरे पर दांव खेल सकती है। दिल्ली से लौटने के बाद शिमला में पत्रकारों से बातचीत में श्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह आलाकमान के हर आदेश का पालन करेंगे। पहले भी उनके पिता-माता मंडी से सांसद रहे है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी तीसरी बार मंडी से सांसद हैं और मंडी की जनता उनके साथ जुड़ी है जो भी आदेश हाई कमान देगा, उसका पालना किया जाएगा।
श्री सिंह ने कहा कि कंगना का मंडी से हारना तय है। कंगना को हराकर वापिस बॉलीवुड भेजा जाएगा। कंगना हिमाचल की बेटी है वह उसका सम्मान करते हैं, लेकिन हिमाचल में हज़ारों बेटियां है जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में अपना नाम कमाया है।
कंगना पर निशाना साधते हुए श्री सिंह ने कहा कि चुनावों में हर मुद्दा उठेगा, सवाल-जवाब भी होंगे जिसके लिए कंगना जवाब देने को तैयार रहें। मंडी में जिस तरह का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है उसका हिमाचल के साथ कोई लेना-देना नहीं है।
कंगना के बीफ कभी न खाने के ट्वीट पर श्री सिंह ने कहा कि कंगना खुद कई मंचों पर बीफ खाने की बात कबूल कर चुकी हैं। कांग्रेस नेता उनको बदनाम नहीं कर रहे हैं, बल्कि वह खुद इसकी जिम्मेदार हैं।
श्री सिंह ने विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर पर भी तीखी टिप्पणी करते हुए श्री ठाकुर को ‘पलटू राम मुख्यमंत्री’ करार दिया और कहा कि श्री ठाकुर दूसरों को उपदेश न दें। जयराम ठाकुर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, उनको तो राम मन्दिर का न्योता तक नहीं मिला था, जबकि मुझे न्योता भी मिला था और मैंने दर्शन भी किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *