नई दिल्ली : पावर क्षेत्र को वित्त उपलब्ध कराने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की महारत्न कंपनी आरईसी लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2961 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 2447 करोड़ रुपये की तुलना में 21 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विवेक कुमार देवांगन ने आज यहां निदेशक मंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में वित्तीय लेखाजोखा पेश करते हुये कहा कि आरईसी का प्रर्दशन बेहतर बना हुआ है। कंपनी तीन लाख करोड़ के ऋण उपलब्ध कराने के करार कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि दिये गये ऋण पर 30 जून 2023 को समाप्त तिमाही में ब्याज आय 10465 करोड़ रुपये रही है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 9262 करोड़ रुपये की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। इस तिमाही में 90797 करोड़ रुपये के ऋण मंजूर किये गये हैं जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 58895 करोड़ रुपये के ऋण की तुलना 52 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के ऋण में 16 प्रतिशत हिस्सेदारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की है।
उन्होंने कहा कि शेयरधारकों को 10 रुपये अंकित मूल्य के प्रति शेयर पर तीन रुपये अर्थात 30 प्रतिशत अंतरिम लाभांश देने का प्रस्ताव किया गया है। 14 अगस्त 2023 को अंतरित लाभांश भुगतान निर्धारण की तिथि मय की गयी है।
आरईसी का मुनाफा 21 प्रतिशत बढ़ा
