हैदराबाद : तेलंगाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक राजस्व अधिकारी को रिश्वत लेते बुधवार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी, निज़ामाबाद जिले में सर्वेक्षण और भूमि रिकॉर्ड के सहायक निदेशक, श्याम सुंदर रेड्डी को शिकायतकर्ता, दुग्गेना राजेंदर, निवासी मोरथाड मंडल जिला निजामाबाद से बुधवार को सवा बारह बजे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और प्राप्त करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
एसीबी के एक बयान के अनुसार शिकायतकर्ता की पांच गुंटा जमीन के लिए सीमांकन प्रमाण पत्र और एक स्थान स्केच रिपोर्ट या नक्शा जारी करने के बदले में रिश्वत मांगी गई थी। राजस्व अधिकारी ने रिश्वत लेने की बात कबूल की और इसके बाद रिश्वत की यह रकम उसके कार्यालय की एक दराज से बरामद की गई।
गौरतलब है कि निज़ामाबाद जिले में ही इससे पहले 19 जून को हुई एक अलग घटना में सर्वेक्षण और भूमि रिकॉर्ड के सहायक निदेशक के कार्यालय में शिकायतकर्ता से इसी फ़ाइल के संबंध में एक अधीक्षक मुचाती वेंकटेश और एक कनिष्ठ सहायक सुश्री रहीमा ने भी क्रमशः 3,000 रुपये और 2,000 रुपये की रिश्वत की मांग की और प्राप्त की। इस तरह पूरे मामले में तीनों अधिकारियों ने पीड़ित से 15 हजार की रिश्वत वसूली।
आधिकारिक बयान में कहा गया कि आरोपी तीनों व्यक्तियों ने अपने पद का दुरुपयोग किया और गैरकानूनी लाभ हासिल करने के लिए भ्रष्ट आचरण का सहारा लिया। नतीजतन आरोपी अधिकारियों, श्याम सुंदर रेड्डी, मुचाती वेंकटेश और सुश्री रहीमा को गिरफ्तार कर लिया गया और करीमनगर में एसपीई और एसीबी मामलों की अदालत के विशेष न्यायाधीश के सामने पेश किया गया।
