जोधपुर : राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के जोधपुर जिले में पटवार मण्डल जेठानियां के पटवारी जगदीश पालीवाल को एक मामले में तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए आज रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी ने एसीबी की जोधपुर ग्रामीण इकाई को शिकायत दी कि पुश्तैनी जमीन का म्यूटेशन भरने की एवज में श्री पालीवाल ने तीन हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
पटवारी के पास पटवारहल्का खिंयासरिया का अतिरिक्त कार्यभार भी है। सोनी ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद पटवारी को परिवादी से तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी के निर्देशन में आरोपी आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी जारी है।
