गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इनामी डकैत पुलिस से मुठभेड के बाद हुआ फरार

भरतपुर : राजस्थान में धौलपुर के सोने का गुर्जा थाना क्षेत्र के जंगल में सवा लाख के इनामी डकैत केशव गुर्जर की गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड के बाद गुरुवार को बीहड़ो में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में पुलिस को कोई सफलता नही मिलने की जानकारी प्राप्त हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक लाख 15 हजार रूपए के इनामी डकैत केशव गुर्जर, 25 हजार के इनामी डकैत उसके छोटे भाई शीशराम गुर्जर और पांच हजार के इनामी डकैत बंटी पंडित किरार के आमेट के खिरकारी के जंगलों में छिपे होने की सूचना पर बुधवार देर रात हुए एनकाउंटर में दोनों तरफ से करीब 65 राउंड गोलियां चली।
इस दौरान डकैत केशव गुर्जर और उसके साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। सोने का गुर्जा थाना इलाके में बुधवार को हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने देर रात तक चंबल के बीहड़ों की सर्चिंग के बाद भी डकैत नहीं मिले। पुलिस ने गुरुवार सुबह एक बार फिर एसपी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में सर्चिंग शुरू की। इस दौरान डकैतों के छुपने की संभावित जगहों के साथ ही कई मकानों की तलाशी ली। डकैतों की तलाश के लिए सोने का गुर्जा पुलिस, बाड़ी पुलिस के साथ ही डीएसटी की टीम बीहड़ों में सर्च कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सोने का गुर्जा थाना प्रभारी यशपाल सिंह गुर्जर को मिली सूचना पर सीओ मनीष शर्मा के नेतृत्व में डीएसटी टीम, बाड़ी सदर थाना पुलिस, बसई डांग थाना पुलिस के साथ क्यूआरटी टीम का गठन कर कार्रवाई के लिए मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम जंगल में पहुंची तो डकैतों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बचाव में पुलिस ने भी डकैत गैंग पर फायरिंग की। दोनों तरफ से काफी देर तक फायरिंग होती रही लेकिन पुलिस की कड़ी जवाबी कार्रवाई को देखते हुए डकैत जंगल में फरार हो गए।
डकैत केशव गुर्जर पर राजस्थान समेत मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश में 45 से ज्यादा लूट, डकैती, हत्या, किडनैप और रंगदारी जैसे आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। बताया गया है कि इनामी डैकत केशव गुर्जर के साथ उसके भाई और बंटी पंडित की तलाश की जा रही है। डकैत गैंग पर पुलिस का लगातार दबाव बना हुआ है। डकैतों के संबंधित स्थानों पर पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश की कार्रवाई कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *