गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राहुल की टिप्पणी को लेकर बिफरे रिजिजू

नई दिल्ली : किरेन रिजिजू ने ब्रिटेन में भारतीय लोकतंत्र पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर गुरुवार को उनकी (गांधी) आलोचना करते हुए कहा कि अगर वह देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं, तो वह (रिजिजू) चुप नहीं रहेंगे।
रिजिजू ने कांग्रेस और गांधी पर हमला बोलते हुए कहा,“ अगर कांग्रेस को लगता है कि हमारे देश का अपमान करना कोई गंभीर बात नहीं है, तो वह संसद में लोगों का प्रतिनिधित्व करने के लायक नहीं है।” उन्होंने कहा, “ वह (गांधी) जो भी बोलते हैं, अपनी ही पार्टी को नुकसान पहुंचाते हैं। हमें उनके आंतरिक मामलों में कोई दिलचस्पी नहीं है, लेकिन अगर वह देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं, तो हम चुप नहीं रहेंगे और उन्हें माफ नहीं करेंगे। ”
केंद्रीय मंत्री ने गांधी को माफी मांगने की अपनी पार्टी की मांग को दोहराते हुए कहा कि देश ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उसे देश के बारे में बुरा बोलने का अधिकार है। विदेशी भूमि पर संसद और लोकतंत्र का अपमान करने का उन्हें अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा,“ अगर देश की जनता ने कांग्रेस को नकारा है, तो इसमें हमारी कोई गलती नहीं है। अगर श्री गांधी कांग्रेस को नुकसान पहुंचाते हैं और नष्ट करते हैं, तो हमें इस मामले में कोई दिलचस्पी नहीं है, लेकिन अगर वह राष्ट्र और लोकतंत्र के मंदिर का अपमान करने की कोशिश करते हैं, तो हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते। ”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *