नयी दिल्ली : सरकार की नवरत्न कंपनी राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) ने वित्त वर्ष 2021-22 में 57 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 28,215 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस अवधि में कंपनी ने छह वर्षों में पहली बार कर पूर्व लाभ अर्जित किया। आरआईएनएल ने बुधवार को विशाखापट्टनम में कंपनी की 40वीं वार्षिक आम बैठक का आयोजन किया।
शेयरहॉल्डरों को संबोधित करते हुए कंपनी के सीएमडी अतुल भट्ट ने कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 में परिचालन लाभ (एबिटडा) वार्षिक आधार पर 148 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 3,469 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान आरआईएनएल ने 1,923 करोड़ रुपये का नगद लाभ प्राप्त किया।
श्री भट्ट ने कहा कि कोकिंग कोल संकट के कारण चौथी तिमाही में परिचालन में कटौती के बावजूद सभी प्रमुख उत्पादन क्षेत्रों में वित्त वर्ष के दौरान सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन दर्ज किया गया। वर्ष के दौरान 57.7 लाख टन हॉट मेटल का उत्पादन किया गया जो देश में सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात संयंत्र की किसी एक इकाई के लिए सबसे अधिक है।
उन्होंने कहा कि कंपनी ने ऑटोमोबाइल सेक्टर के सेमीकंडक्टर चिप्स की कमी से प्रभावित रहने के बावजूद घरेलू बिक्री में 28 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की। उच्च गुणवत्ता वाले इस्पात उत्पादन में सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की।
आरआईएनएल ने 57 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 28215 करोड़ का किया कारोबार
