नई दिल्ली : वाहन विनिर्माता महिंद्रा एण्ड महिंद्रा (एमएण्डएम) ने चालू वित्त वर्ष में 33,892 करोड़ रुपये के समेकित राजस्व के साथ कुल 3,508 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दिखाया है। कंपनी की शुक्रवार को जारी एक विज्ञपति के अनुसार उसके निदेशक मंडल द्वारा इस वर्ष 30 जून को समाप्त पहली तिमाही की वित्तीय रिपोर्ट में उसके समेकित राजस्व में सालाना आधार पर 19 प्रतिशत तथा शुद्ध लाभ में 60 प्रतिशत का उछाल है। कंपनी ने कहा कि उसने पहली तिमाही में 21 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 186000 वाहन बेचे। पहली अगस्त को उसके एसयूवी वाहनों की बुकिंग 281000 थी।
आलोच्य तिमाही में एमएंडएम का एकल आधार पर 23 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 24,368 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया । इस दौरान उसका एकल आधार पर शुद्ध लाभ एक साल पहले की तुलना में 98 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2774 करोड़ रुपये रहा। एमएण्डएम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ डॉ. अनीश शाह ने कहा, “पहली तिमाही के दौरान, ऑटो, फार्म और सर्विसिंग क्षेत्र के हमारे कारोबार का प्रदर्शन मजबूत रहा। ऑटो ने अपनी बाजार नेतृत्व स्थिति को मजबूत करके और अपने परिचालन लाभ को दोगुना करके मार्ग प्रशस्त किया। ”
एमएंडएम लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक और सीईओ (ऑटो और फार्म सेक्टर) श्री राजेश जेजुरिकर ने कहा, “मजबूत करोबार के साथ नए नए तरह के उत्पाद पेशकश देने के हमारे प्रयास ने एक मजबूत समग्र प्रदर्शन सक्षम किया है। एसयूवी में, हम लगातार छठी तिमाही में राजस्व बाजार हिस्सेदारी में अग्रणी बने हुए हैं। ट्रैक्टर व्यवसाय में, हमने 42.9 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल की है।” एम एंड एम लिमिटेड के समूह मुख्य वित्तीय अधिकारी श्री मनोज भट्ट ने कहा, “ वाहन और कृषि मशीनों के व्यवसायों में हमारी बाजार में अग्रणीय स्थिति ने हमें परिचालन लाभ के अनुपात को बेहतर करने में मदद की है।”
महिंद्रा एण्ड महिंद्रा के समेकित तिमाही लाभ में उछाल
