खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र में आज एक टूरिस्ट बस और दुपहिया वाहन की आमने-सामने हुई टक्कर में एक व्यक्ति और उसकी पुत्री की मृत्यु हो गई जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी। बड़वाह के थाना प्रभारी प्रीतम सिंह ठाकुर ने बताया कि यहां से करीब 10 किलोमीटर दूर बड़वाह-महेश्वर रोड पर अस्तरिया फ़ाटे पर एक टूरिस्ट बस और दुपहिया वाहन की आमने-सामने भिड़ंत हो गयी।
घटना के चलते बावड़ी खेड़ा निवासी 42 वर्षीय अनोक चंद्र वर्मा और उसकी 19 वर्षीय पुत्री नंदिनी की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि उसकी पत्नी मनीषा गंभीर रूप से घायल हो गयी। उन्होंने बताया कि मनीषा को बड़वाह स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गुजरात के वड़ोदरा क्षेत्र के श्रद्धालुओं की उक्त बस ओंकारेश्वर से महेश्वर जा रही थी।
बावड़ी खेड़ा के सरपंच जितेंद्र चौहान ने बताया कि अनोक सिंह वर्मा शुक्रवार को रक्षाबंधन मनाने पिपलिया गया था और वह अपनी पत्नी और पुत्री के साथ वापस बावड़ी खेड़ा लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शी भोलाराम ने बताया कि दुपहिया वाहन सवार तथा वहां बस के अगले हिस्से में फंस गए थे। उन्हें किसी तरह बाहर निकल गया और घायल मनीषा को अस्पताल पहुंचाया गया।
