शिमला : हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर वाहन चालकों की लापरवाही के कारण हादसों में इजाफा होता जा रहा है। ताजा मामले में मंडी जिला के बीएसएल थाना के तहत कुशला क्षेत्र में एक बोलेरो गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी जिससे पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को देर रात गहरी खाई से निकाल कर मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वाहन पर सवार लोग देव कमरूनाग मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। जैसे ही बोलेरो गाड़ी कुशला गांव के समीप पहुंची तो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गाड़ी में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें मेडिकल कॉलेज नेरचौक में भर्ती करवाया गया है। घटना की भनक लगते ही पुलिस व स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों व मृतकों के शवों को खाई से सड़क मार्ग पहुंचाया।
वहीं डीएसपी दिनेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य में जुटे रहे। लेकिन अंधेरा होने के कारण राहत व बचाव कार्य में परेशानी झेलनी पड़ी। जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर घायलों व मृतकों के शवों को सड़क मार्ग तक पहुंचाया।
हादसे में घायलों की पहचान चालक अनिल दत्त (51) पुत्र स्वर्गीय रूपचंद गांव कोलथी, संजीव कुमार (38) पुत्र केशव दत गांव पंजराह, किरपा राम (38) पुत्र मजरू राम गांव पौडाकोठी, कमल कुमार (22) तुला राम गांव डोलाधार हुई है, जबकि मृतकों की पहचान लाला राम (50) पुत्र गंगू राम गांव डोलधार, रूप लाल (50) पुत्र परस राम गांव डोलधार, सुनिल कुमार (36) पुत्र बेशर राम गांव पंजराह, गोबिन्द राम (60) पुत्र रघुराम गांव डोलधार, मोहण (50) पुत्र किरपा राम गांव कुशला के तौर पर हुई है।
इसबीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिला की ग्राम पंचायत घिड़ी के कुशला में हुई वाहन दुर्घटना में पांच लोगों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस वाहन दुर्घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने परम पिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
सड़क हादसा : पांच की मौत, चार गंभीर
