नासिक : महाराष्ट्र के चंदवड तालुका में सोमवार सुबह णमोकार तीर्थ के सामने मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंटेनर और कार के टकराने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसा चंदवाड तालुका में नमोकार तीर्थ के पास उस वक्त हुआ, जब कार सवार यात्री नासिक से धुले जा रहे थे, उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे कंटेनर से टकरा गयी। इसमें कार सवार चारों व्यक्तियों की मौत हो गयी।
सूचना मिलते ही वडनेरभैरव पुलिस दुर्घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के बाद कुछ देर के लिए राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया। वडनेर भैरव पुलिस के मुताबिक, मृतकों में कृष्णकांत चिंधा माली, किरण हरीश्चंद्र अहिरराव, अनिल विष्णु पाटिल और प्रवीण मधुकर पवार हैं। ये चारों धुले जिले के रहने वाले थे। इस घटना से संबंधित मामला दर्ज कर लिया गया और जांच शुरु कर दी गयी है।
