बहराइच : उत्तर प्रदेश में बहराइच ज़िले के फखरपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच मार्ग पर सोमवार रात हुये सड़क हादसे में पुलिसकर्मी समेत तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शेखपुर निवासी सुरेश कुमार त्यागी की तैनाती रिसिया थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर थी। वह परिवार के साथ गांव में थे।
सोमवार को ड्यूटी के लिए हेड कांस्टेबल सुरेश त्यागी (50) रिसिया के लिए रवाना हुए। इसके लिए उन्होंने थाना क्षेत्र के भोपतपुर चौकी निवासी याकूब पुत्र मोहिउद्दीन को गाजीपुर बुलाया। कार में चालक के साथ हेड कांस्टेबल सुरेश त्यागी, पत्नी पुष्पा त्यागी (42) , बेटा बासू (3) और एक अन्य बेटा सवार थे।
लखनऊ से होते हुए कार फखरपुर थाना क्षेत्र के मदन कोठी गांव के निकट पहुंची और रात करीब एक बजे कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से जा घुसी। आसपास के लोगों की सूचना पर थानाध्यक्ष अनुज कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां पर डॉक्टर ने दो वर्ष के बेटे को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य सभी को किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ में इलाज के दौरान हेड कांस्टेबल सुरेश त्यागी और कार चालक याकूब की मौत हो गई जबकि पत्नी और बेटे का इलाज चल रहा है।
