बदायूँ : उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के बिनावर क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार जीजा साले समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक मिश्रा ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात गश्त पर निकली बिनावर पुलिस को बदायूं बरेली मार्ग पर स्थित ग्राम बरखेड़ा के निकट बाइक सवार तीन युवक घायल अवस्था में मिले जिन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया जहाँ डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान जनपद बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले गजेंद्र (30) वीरपाल (28) एवं राम बहादुर (30) वर्ष के रूप में हुई। गजेंद्र और रामबहादुर आपस में जीजा और साले हैं, जबकि वीरपाल उनका मित्र है। उन्होंने बताया कि गजेंद्र के भाई मुनेंद्र ने पुलिस को बताया है कि शाम को गजेंद्र बाइक द्वारा कछला गंगा घाट जल लेने अकेले ही निकला था, रास्ते में उसने बदायूं के दातागंज निवासी अपने साले राम बहादुर व रुद्रपुर निवासी अपने मित्र वीरपाल को भी बाइक पर बिठा लिया। देर रात वापस लौटते समय बरेली मार्ग पर यह हादसा हुआ है।
सड़क हादसा : तीन की मौत
