श्रीगंगानगर : राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में बीते 24 घंटे के दौरान सड़क दुर्घटना में तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ सदर थाना क्षेत्र में ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल पर सवार प्रेम मेघवाल (22) निवासी किशनपुरा आबादी, सूरतगढ़ की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार देर शाम को सदर थाना क्षेत्र में कमाना- मसरुवाला के बीच हुई। प्रेम मेघवाल गांव डबली राठान में अपने मामा के यहां आया था।वहां से वापस जाते समय वह ट्रैक्टर और ट्रक की टक्कर लगने से गंभीर घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने चेकअप किया तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
दूसरी दुर्घटना हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र में घटित हुई। पुलिस के अनुसार क्रेन द्वारा पीछे से टक्कर मार देने से एक ऊंट गाड़ी पलट गई। वहीं पास में पैदल जा रहा पूर्णराम (35) ऊंट गाड़ी के नीचे दब जाने से बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसे हनुमानगढ़ टाउन के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वह इलाज के दौरान दम तोड़ गया। पुलिस ने बताया कि गांव जोरावरपुरा निवासी रामप्रताप कुमार द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर क्रेन चालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सड़क दुर्घटना : तीन की मौत
