मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्राला (ट्रक) ने मोटर साइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की घटना स्थल पर मौत हो गयी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश के जालोंन जिले के रहने वाले तीन युवक कल देर रात मोटर साइकिल से राजस्थान में खाटू श्याम बाबा के दर्शन करने जा रहे थे। तभी सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थिति सिकरौदा बड़ी नहर के समीप एक तेज रफ्तार ट्राला ने उनकी मोटर साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे दो युवक अखिलेश और सुनील की मौके पर ही मौत हो गयी और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को पहले मुरैना के जिला अस्पताल में उपचार के लिये ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय के लिये रेफर कर दिया है। हादसे के बाद चालक ट्राला की चाबी लेकर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने ट्राला को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सड़क हादसा : दो की मौत, एक गंभीर
